वाराणसी। कोईराजपुर रिंग रोड चौराहे के समीप शुक्रवार को हुए हादसे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अजय राय ने दुख जताया है।
घायलों के प्रति सहानुभूति जता और शीघ्र स्वस्थ होने की मंगलकामना कर पूर्व विधायक ने कहा कि हरहुआ कोईराजपुर में आज यात्रियों से भरी बस-ट्रक के बीच टक्कर हुई है। 12 से अधिक यात्री घायल हुए है। यह पहली दफा नहीं है,अक्सर यहां दुर्घटना होती रहती हैं। इसका कारण है फ्लाईओवर। ओवर ब्रिज के सही ढंग से न बनने के कारण ऐसा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जब इस फ्लाईओवर का निर्माण होना था। उसी समय ग्रामीणों, स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया था। और मानक के अनुसार इस फ्लाई ओवर का निर्माण रिंग रोड से होना चाहिए था। इसके लिए सर्विस रोड को सुरक्षित कर देना था। जिससे आवागमन भी सुरक्षित रहता।
उन्होंने आरोप लगाया कि इंजीनियर ,विभाग के अधिकारियों और अन्य सत्ता पोशों ने गलत निर्णय करके इस फ्लाईओवर का निर्माण करा दिया। जिसके कारण फ्लाईओवर के नीचे की सड़क दुर्घटना का पर्याय हो गया है। इस फ्लाईओवर के संदर्भ में सरकार को एक बार जनहित में पुनः विचार करना चाहिए।