नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी जिले के रोहिणी नॉर्थ इलाके में स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में तैनात एक महिला नर्स ने अपने ही सुपरवाइजर पर शारीरिक छेड़छाड़ और आपत्तिजनक कमेंट का गंभीर आरोप लगाया है।
सूत्रों की मानें तो इस मामले में पुलिस ने कई और नर्सों के भी बयान दर्ज किये हैं, जिन्होंने सुपरवाइजर पर आरोप लगाये हैं। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पर सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 30 वर्षीय पीड़ित महिला परिवार के साथ संत नगर इलाके में रहती है। महिला ने मंगलवार सुबह नॉर्थ रोहिणी पुलिस को बताया कि वह बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में अस्थायी नर्स के तौर पर कार्यरत है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके सुपरवाइजर ने उसे कहा कि तुम बहुत सुंदर लगती हो। कभी हमारा भी ध्यान रखा करो। महिला ने बताया कि ठेकेदार ने ड्यूटी की एवज में बुलाया था। सुपरवाइजर ने गलत नियत से उसके शरीर पर हाथ लगाया। जिसके बाद वह गुस्से से पीछे हो गई। साथ ही अश्लील बातें करने लगा। महिला का आरोप है कि जब उसने शारीरिक स्पर्श की कोशिश की तो वह गुस्से में पीछे हो गई। सुपरवाइजर ने नकारने पर पैसों की डिमांड की।
उन्होंने पुलिस को बताया कि सुपरवाइजर एक्स्ट्रा काम भी करवाता है। यदि उसकी बात नहीं मानी जाती तो वह सिस्टर से शिकायत भी करवाता है। सुपरवाइजर जबरदस्ती खुश करने के लिये बार-बार कहता है। मामला सामने आने के बाद अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही है।