वाराणसी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की 9 अक्टूबर को वाराणसी में होने वाली प्रतिज्ञा रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी के पदाधिकारी सुबह से शाम तक जनसम्पर्क के साथ बैठके कर रहे हैं। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के चांदपुर स्थित कैंप कार्यालय में प्रदेश किसान कांग्रेस पूर्वी जोन की बैठक हुई। पार्टी में चुनाव प्राधिकरण के सदस्य एवं वाराणसी के पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्रा और पार्टी के पूर्वी जोन अध्यक्ष सुयशमणी त्रिपाठी के नेतृत्व में रैली की तैयारियों के साथ भीड़ जुटाने के लिए विमर्श हुआ।
इस दौरान पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने कहा कि पिछले 32 सालों मे पूर्वी उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की हालत ज्यादा खराब हुई। इसकी जिम्मेदार सपा बसपा और भाजपा है। इनके शासन काल में पूर्वी उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों ने सरकार की बेरुखी के कारण गन्ना की खेती करना बहुत कम कर दिया। मिश्र ने कहा कि एक समय था जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब प्रदेश में किसानों की खुशहाली का साधन गन्ने की फसल हुआ करती थी।
पूर्व सांसद ने कहा कि वाराणसी में प्रियंका गांधी की रैली योगी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए मील का पत्थर साबित होगी। जिसमें बड़े पैमाने किसान शामिल होंगे। सुयश मणी त्रिपाठी ने बताया कि प्रियंका गांधी की रैली को सफल बनाने के लिए आजम गढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, सोनभद्र, मिर्जापुर कुल 10 जिलों से करीब 20 हजार किसान हरा गमछा सर पर बाध कर हाथ में तिरंगा झंडा लेकर रैली में शामिल होंगे।
बैठक की अध्यक्षता किसान कांग्रेस वाराणसी के जिला अध्यक्ष आलोक पांडेय और संचालन प्रदेश प्रवक्ता संजय चौबे ने किया।