लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रविवार से उत्तर प्रदेश में जनसंपर्क अभियान शुरु करने जा रही है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता केन्द्र की मोदी सरकार तथा उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की लोकमंगलकारी योजनाओं तथा निर्णयों को लेकर जनता की दहलीज पर दस्तक देंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कल लखनऊ महानगर की पश्चिम विधानसभा के बूथ सं. 79 से पूर्वाह्न 11 बजे जनसंपर्क अभियान का शुभारम्भ करेंगे। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह पूर्वाह्न 10 बजे सरोजनीनगर विधानसभा, बूथ संख्या 360, शारदानगर प्रथम वार्ड 1-डी लखनऊ में जनसंपर्क अभियान का नेतृत्व करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी का यह जनसंपर्क अभियान 26 सितंबर से प्रारम्भ होकर दो अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी प्रदेश के सभी बूथों पर पहुंचकर घर-घर में संपर्क करेगी तथा केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की लोकमंगलकारी योजनाओं, निर्णयों व कार्यक्रमों का लेखा-जोखा लोक दरबार में प्रस्तुत करेगी।
भाजपा के प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि पं. दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय पथ का अनुसरण करके गांव, गरीब, किसान, पिछडे़, दलित, उपेक्षित व वंचित वर्ग के जीवन को आच्छादित करती हुई मोदी व योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जन-जन की आत्मनिर्भरता से भारत की आत्मनिर्भरता की गाथा लिख रही है। पार्टी सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान घर-घर तक पत्रक पहुंचाने का काम करेगी। जो विगत साढ़े चार वर्ष में भय-भूख व भ्रष्टाचार से मुक्त उत्तर प्रदेश की तस्वीर का प्रस्तुतीकरण होगा।
उन्होंने बताया कि जनसंपर्क अभियान में प्रदेश के पदाधिकारियों से लेकर बूथ तक के पदाधिकारी व कार्यकर्ता, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, नगर निकाय के अध्यक्ष व पार्षद, आयोग निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य, त्रिस्तरीय पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य के साथ आमजन भी केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का पत्रक लेकर घर-घर में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। पार्टी के सभी जिला प्रभारी अपने प्रभार वाले जिले में जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनेगें।