मेरठ। भाजपा विधायक संगीत सोम एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं। इस बार मामला उनके प्रतिनिधि को लेकर है। आरोप है कि भाजपा विधायक के प्रतिनिधि ने हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट की है। हेड कास्टेबल ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में एसपी देहात कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। वहीं एसएसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। भाजपा विधायक संगीत सोम का कहना है कि दोनों पक्षों में जिसकी गलती होगी उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी इसके लिए स्वतंत्र हैं।
सरधना क्षेत्र के गांव अकलपुरा दलित और ठाकुर पक्ष के बीच गन्ने की फसल बांधने को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवार में ठाकुर बिरादरी के लोगों की गन्ने की फसल बांधने से दलित समाज के लोगों ने मना कर दिया है। आरोप है कि ठाकुर बिरादरी के लोग गन्ने की फसल की में काम करने के बदले उन्हें कम मजदूरी देते हैं। ठाकुर समाज के लोगों ने दलित समाज का विरोध किया। आरोप है कि सरकारी हैंडपंप से पानी भरने पर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं हैंडपंप की हत्थी भी निकाल ली और दलित समाज के लोगों के पशुओं को खेत में घुसने से रोक दिया है। इतना ही नहीं दलितों को चारा काटने के लिए खेतों में घुसने पर भी रोक लगा दी है। दो वर्ग के बीच हुए विवाद की सूचना पर सरधना थाने की सलावा पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी अकलपुरा गांव में ज्ञान सिंह के घर पर पहुुंचे। उसी दौरान विधायक संगीत सोम के प्रतिनिधि शेखर उर्फ चंद्रशेखर निवासी कुशावली और विनोद निवासी राधना उत्तेजित होकर गाली गलौच करने लगे। आरोप है कि शेखर और विनोद ने हेड कांस्टेबल दीपपाल सिंह के साथ मारपीट की। दीपपाल सिंह ने मामले की जानकारी अपने अधिकारियों को दी। पुलिस के गांव पहुंचने से पहले दोनों आरोपी मौके से चले गए। हेड कांस्टेबल दीपपाल ने विधायक प्रतिनिधि के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इंस्पेक्टर ब्रिजेश कुमार का कहना है जांच के बाद आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं एसपी देहात केशव कुमार ने इस संबंध में कहा कि मामले की जांच की जा रही है अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।