लखनऊ। केन्द्र तथा प्रदेश सरकार की महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को भाजपा महिला मोर्चा ‘कमल शक्ति संवाद’ के जरिये प्रदेश भर की महिलाओं को अगवत करायेंगी।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं तथा बेटियों के लिए केन्द्र तथा प्रदेश सरकार कई योजनाएं चला रही हैं। प्रत्येक महिलाओं तक इसकी जानकारी पहुंचाना महिला मोर्चा का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा 1918 मंडलों पर ‘कमल शक्ति संवाद’ के जरिये प्रदेश भर की महिलाओं को पार्टी से जोड़े। इसके साथ ही सदस्यता अभियान, मिशन शक्ति द्वारा 826 ब्लॉक तथा 27789 शक्ति केंद्रों पर महिला चौपाल का आयोजन किया जाय।
संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि हर बूथ पर भाजपा को मजबूत करना ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के हितों में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, इसका सीधा लाभ प्रत्येक वर्ग की महिलाओं को प्राप्त हुआ है,संवाद के माध्यम से सभी 1918 मंडलों तक महिलाओं तक सरकार की योजनाएं पहुंचायी जाएं।
इसके पूर्व भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद अध्यक्ष महिला मोर्चा गीता शाक्य ने की। बैठक में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश, महिला मोर्चा की प्रभारी रेखा गुप्ता ने 15 सितम्बर से सभी जिलों में आयोजित की गई जिला कार्यसमिति के सफल आयोजनों पर पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आगामी चुनावी कार्यक्रमों पर संगठनात्मक चर्चा की व संगठन की दृष्टि से सभी 98 जिलों में जिला व मंडल स्तर कार्यकारिणी गठन पर पदाधिकारियों को बधाई भी दी।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सांसद राज्यसभा गीता शाक्य ने कहा महिला मोर्चा को सैनिकों की तरह काम करना होगा और विपक्ष को पराजित करना ही मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं का हित ही लोकतंत्र की वास्तविक ताकत है।
इस अवसर पर सभी प्रदेश उपाध्यक्ष व महिला मोर्चा के प्रभारी विजय बहादुर पाठक, सह प्रभारी अंजुला सिंह महौर सभी प्रदेश पदाधिकारी व छह क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा उपस्थित रहे।