लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या गुरुवार को लखनऊ पहुंचे हैं। तेजस्वी सूर्या का अमौसी एयरपोर्ट पर उप्र भाजयुमो अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेद, राष्ट्रीय महामंत्री युवा मोर्चा वैभव सिंह, अवध क्षेत्र के अध्यक्ष नितिन मित्तल समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
वह दो दिवसीय प्रवास पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे हैं। सूर्या 01 अक्टूबर को युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक को लेकर इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में तैयारी अंतिम चरण में है।
सूर्या आज लखनऊ में युवा मोर्चा के महत्वपूर्ण नेताओं के साथ संक्षिप्त बैठक कर अभियानों और आगे के कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वह अयोध्या जाएंगे। अयोध्या में रामलला के दर्शन तथा पूजन करेंगे। सरयू जी की आरती में शामिल होंगे। इसके साथ ही युवाओं के सम्मेलन में भी शामिल होंगे। लखनऊ से अयोध्या तक युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर तैयारी की गई है। अयोध्या में भी बड़े स्तर पर तैयारी हुई है।
भाजयुमों अध्यक्ष तेजस्वी सूर्य के उत्तर प्रदेश प्रवास को लेकर युवा मोर्चा काफी पहले से तैयारी कर रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए तेजस्वी सूर्या का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने देश भर के दिग्गज नेताओं को यूपी में लगाने की रणनीति तैयार की है। पार्टी के विभिन्न मोर्चों में सबसे महत्वपूर्ण युवा मोर्चा की चुनाव में खास भूमिका होगी।
भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर के अवसर पर सेवा और समर्पण अभियान शुरू किया है। पार्टी का यह अभियान 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक चलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में मुख्यमंत्री और दिल्ली में प्रधानमंत्री के रूप में अपना 20 वर्ष पूरा कर चुके हैं। इसलिए पार्टी 20 दिवसीय अभियान चला रही है। इसके बाद पार्टी युवाओं को जोड़ने का अभियान चलाएगी। युवाओं को नव मतदाता सूची में शामिल करने के लिए भी अभियान चलेगा। इस अभियान में युवा मोर्चा को खास भूमिका अदा करनी होगी। इन सब अभियानों की वह समीक्षा भी कर सकते हैं। ऐसे तमाम कार्यक्रमों को लेकर तेजस्वी सूर्या प्रदेश युवा मोर्चा के साथ चर्चा कर अभियानों को गति देने के चलिए उत्साह भरेंगे।