

दिल्ली: भारत तो भावनाओं और प्यार से परिपूर्ण देश है। यहां हर रिश्ते को प्यार से बांध लिया जाता है। इसी कड़ी में अगर हम बात करें मदर्स डे की तो मदर्स डे मई के दूसरे हफ्ते में मनाया जाता है। यानी आज 10 मई 2020 को दुनिया मदर्स डे के रूप में मना रही है।


वैसे तो मां एक ऐसा शब्द और एक ऐसा रिश्ता है जिसके लिए कोई दिन हो ही नहीं सकता लेकिन फिर भी एक प्यार को ज़ाहिर करने के लिए दुनिया में मदर्स डे मनाया जाता है। लोग इस दिन अपनी मां के लिए दुआ, पूजा करते है जिससे वो स्वस्थ व लंबी उम्र तक जीवित रहें। कुछ लोग इस दिन को बड़ी धूमधाम से केक काटकर भी मनाते हैं।


आइये जानते हैं क्यों मनाया जाता है मदर्स डे
मदर्स डे को लेकर दुनिया में अलग अलग मान्यताएं हैं। कुछ लोगों का मानना है कि मदर्स डे के इस खास दिन की शुरुआत अमेरिका से हुई थी। वर्जिनिया में एना जार्विस नाम की महिला ने मदर्स डे की शुरुआत की। कहा जाता है कि एना अपनी मां से बहुत प्यार करती थी और उनसे बहुत प्रेरित थी। उन्होंने कभी शादी नहीं की और मां का निधन हो जाने के बाद उनके प्रति सम्मान दिखाने के लिए इस खास दिन की शुरुआत की। ईसाई समुदाय के लोग इस दिन को वर्जिन मेरी का दिन मानते हैं। यूरोप और ब्रिटेन में मदरिंग संडे भी मनाया जाता है।