ललितपुर पहुंचीं प्रियंका गांधी

ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में खाद की कथित समस्या के चलते चार किसानों की मौत की खबर के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार सुबह ललितपुर पहुंचीं। किसानों के परिजन से मिलने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन से सुबह करीब सात बजे ललितपुर आईं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, राष्ट्रीय सचिव एवं बिहार प्रभारी बृजलाल खाबरी, बुंदेलखंड प्रभारी प्रदीप नरवाल आदि के नेतृत्व में प्रियंका गांधी का स्वागत किया। फिर कांग्रेस महासचिव रेलवे स्टेशन से कार से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचीं। रास्ते में जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

प्रियंका गांधी वाड्रा का कस्बा पाली में कथित रूप से खाद नहीं मिलने एवं कर्ज के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले किसान बल्लू पाल के घर पहुंचने का कार्यक्रम है। वहां वह मृतक किसानों के परिवार जन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाएंगी। उसके बाद वह मध्य प्रदेश के दतिया स्थित मां पीताम्बरा पीठ के दर्शन के लिए जाएंगी और वहां से हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here